अक्षिता मनराल ने जीता स्वर्ण-रजत, हिमांशु तिवारी ने भी हासिल किया रजत
युगांडा इंटरनेशनल सीरीज-2026 में उत्तराखंड के खाते में तीन अंतरराष्ट्रीय पदक
CNE DESK/कंपाला। अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन मंच पर उत्तराखंड के शटलरों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। युगांडा की राजधानी कंपाला में आयोजित युगांडा इंटरनेशनल सीरीज-2026 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक सहित तीन अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस. मनकोटी ने बताया कि 1 से 4 अक्टूबर तक कंपाला के लुगोगो इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस प्रतिष्ठित बैडमिंटन प्रतियोगिता में देहरादून की अक्षिता मनराल ने महिला एकल में रजत और महिला युगल में स्वर्ण पदक हासिल करते हुए दोहरी सफलता दर्ज की। वहीं काशीपुर के हिमांशु तिवारी ने पुरुष युगल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
महिला एकल में अक्षिता की शानदार दौड़, रजत पर किया कब्जा
देहरादून की अक्षिता मनराल ने महिला एकल वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अक्षिता ने युगांडा की फादिला शमिका मोहम्मद रफी को 21-15, 21-18 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उनका सामना अपनी ही जोड़ीदार दिल्ली की ईशिता नेगी से हुआ।
अक्षिता ने कड़े मुकाबले में ईशिता को 16-21, 21-16, 21-10 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
फाइनल में उनका मुकाबला भारत की गुजरात निवासी आएशा गांधी से हुआ। रोमांचक मुकाबले में अक्षिता को 20-22, 21-17, 7-21 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उन्होंने महिला एकल का रजत पदक अपने नाम किया।
महिला युगल में अक्षिता का स्वर्णिम प्रदर्शन
महिला युगल वर्ग में अक्षिता मनराल ने दिल्ली की अपनी जोड़ीदार ईशिता नेगी के साथ शानदार तालमेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
क्वार्टर फाइनल में अक्षिता और ईशिता की जोड़ी ने युगांडा की नाज़िफा नकियेंबा और केटे दागिरे की जोड़ी को एकतरफा मुकाबले में 21-5, 21-10 से हराया।
सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी ने युगांडा की फदीलहा शमिका मोहम्मद रफी और ट्रेसी नालूवुजा की जोड़ी को 22-20, 21-13 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। अक्षिता और ईशिता की जोड़ी ने भारत की ही सोनाली सिंह और रितिका ठक्कर की जोड़ी को 21-18, 19-21, 21-16 से हराकर महिला युगल का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
इस तरह अक्षिता मनराल ने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर शानदार दोहरी सफलता हासिल की।
पुरुष युगल में हिमांशु तिवारी ने जीता रजत
काशीपुर निवासी हिमांशु तिवारी ने भी पुरुष युगल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में हिमांशु तिवारी की जोड़ी ने मलेशिया के एंडी यू टंग कोक और यू शेंग लिम की जोड़ी को 21-13, 22-20 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल में हिमांशु की जोड़ी का सामना मलेशिया के हाफिज हाकी हाशिम और मेंग फेंग वोंग की जोड़ी से हुआ। दोनों जोड़ियों के बीच मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा, लेकिन हिमांशु की जोड़ी को 20-22, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा।
हिमांशु तिवारी को इसके साथ ही रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
लगातार दूसरी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदकों की बरसात
उत्तराखंड के इन दोनों शटलरों के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले सप्ताह आयोजित कंपाला इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भी अक्षिता मनराल ने दो रजत पदक, जबकि हिमांशु तिवारी ने एक रजत पदक हासिल किया था।
लगातार दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर अक्षिता और हिमांशु ने उत्तराखंड के बैडमिंटन की मजबूत मौजूदगी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिर साबित किया है।
उत्तराखंड बैडमिंटन परिवार ने दी बधाई
अक्षिता मनराल और हिमांशु तिवारी की इस शानदार अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ की अध्यक्षा डॉ. अलकनंदा अशोक सहित समस्त उत्तराखंड बैडमिंटन परिवार, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
संघ ने खिलाड़ियों के साथ उनके परिजनों, कोच और मेंटोर को भी इस सफलता के लिए बधाई दी है।









