╰┈➤ दर्जा राज्यमंत्री लटवाल व गंगा बिष्ट ने किया सांस्कृतिक एवं खेल सप्ताह का शुभारंभ
╰┈➤ छात्र-छात्राओं ने बिखेरा हुनर का जादू, जमकर तालियां बटोरीं

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: शिक्षा के क्षेत्र में अलग साख जमा रहे मां अंबे इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज अल्मोड़ा में रविवार को अवकाश दिवस होने के बावजूद उत्सव का माहौल रहा। जहां संस्कृति और खेल का संगम देखने को मिला। रंगारंग प्रस्तुतियों, नृत्य व संगीत की धुनों के बीच विविध खेल प्रतिस्पर्धाओं का शानदार प्रदर्शन हुआ। दरअसल, आज रविवार से संस्थान का ‘उत्कर्ष-2026’ समारोह के तहत वार्षिक सांस्कृतिक एवं खेल सप्ताह शुरू हो गया। लगभग एक सप्ताह चलने वाले इस समारोह का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल एवं विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट तथा संस्थान के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
नृत्य-संगीत, प्रतिभा का मंच बना संस्थान
उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांधा। नर्सिंग की छात्राओं ने संगीत की धुनों के बीच लोकगीतों व लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देते हुए पूरे माहौल को उमंग व उत्साह से भर दिया और अपनी सुंदर प्रस्तुतियों से दर्शकों की तालियां बटोरीं। इन प्रस्तुतियों से उन्होंने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। ‘उत्कर्ष-2026’ के उद्घाटन के साथ ही खेल प्रतियोगिताओं का सिलसिला शुरू हो गया। जिसके तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। जो आगामी दिनों में जारी रहेंगी। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। यह सभी कार्यक्रम संस्थान के चेयरमैन संदीप सिंह यदुवंशी एवं वाइस चेयरमैन डा. प्रीति पाल की मौजूदगी में चले।
ऐसे आयोजन सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी

समारोह का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल ने कहा मां अंबे संस्थान ने कम समय में नर्सिंग शिक्षा में मुकाम हासिल किया है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में ऐसे समारोह छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं, क्योंकि शिक्षा के साथ ही खेल व सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करने, आत्मविश्वास जगाने, नेतृत्व क्षमता बढ़ाने व टीम भावना को मजबूत करने में काफी सहायक होती हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट ने विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों में उत्साह से प्रतिभाग करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल बनाने में संस्थान के समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस मौके पर मुख्य अतिथि कुंदन लटवाल, विशिष्ट अतिथि गंगा बिष्ट के साथ ही अशोक कनवाल, दीपक शर्मा, गोपाल, मनीष एवं ललित समेत आदि कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।









