सीएनई रिपोर्टर, देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में मालदेवता से आगे रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब लोहे के पुल पर एक युवक का शव रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को नीचे उतारा। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर एक युवक के शव के लटके होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मालदेवता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ ही घटनास्थल की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
मौके पर एक स्कूटी भी खड़ी मिली, जिसका नंबर UK07FN-9653 बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उक्त स्कूटी मृतक के एक रिश्तेदार की है। इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तनवीर कुमार उर्फ शायरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से घमंडपुर, रानीपोखरी, देहरादून का निवासी था और वर्तमान में वेदवानी विहार, बालावाला में रह रहा था। परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
पुलिस ने घटनास्थल और शव की प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की स्पष्ट चोट अथवा संघर्ष के निशान नहीं पाए। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है।
पुलिस द्वारा मामले में पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले तथ्यों और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया गया है। मामले की जांच जारी है।









