HomeUttarakhandAlmoraरानीखेत महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की तैयारी तेज, 29 सितंबर को...

रानीखेत महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की तैयारी तेज, 29 सितंबर को मतदान

चुनाव को लेकर रानीखेत महाविद्यालय में महत्वपूर्ण बैठक

CNE REPORTER, रानीखेत। स्वर्गीय जय दत्त वैला, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में छात्र संघ निर्वाचन सत्र 2026-27 को लेकर 18 सितंबर 2026 को महाविद्यालय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, शास्ता मंडल, संभावित छात्र प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी छात्र संघ निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं अनुशासित ढंग से निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराना था।

ADVERTISEMENTS

बैठक का संचालन छात्र संघ प्रभारी डॉ. बृजेश कुमार जोशी ने किया। उन्होंने छात्र नेताओं एवं संभावित प्रत्याशियों को संबोधित करते हुए लिंगदोह समिति की संस्तुतियों, छात्र संघ नियमावली तथा आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छात्र संघ निर्वाचन महाविद्यालय की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में प्रत्येक प्रत्याशी एवं विद्यार्थी की भूमिका जिम्मेदार, मर्यादित एवं अनुशासित होनी चाहिए। उन्होंने संभावित प्रत्याशियों से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय परिसर की शैक्षणिक गरिमा, अनुशासन एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।

बैठक में छात्र संघ समिति के सदस्य डॉ. धीरज सिंह खाती ने छात्र संघ निर्वाचन से संबंधित सामान्य नियमों एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने संभावित प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों से निर्धारित नियमों का पूर्ण अनुपालन करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में महाविद्यालय प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा व्यक्त की।

बैठक के दौरान आगामी 29 सितंबर 2026 को प्रस्तावित मतदान के संदर्भ में निर्वाचन प्रक्रिया की संभावित रूपरेखा भी साझा की गई। मतदान दिवस पर विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं अनुशासन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं तथा विभिन्न प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर चर्चा की गई। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी संभावित प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

पुलिस प्रशासन की ओर से एसएसआई मनोज कुमार, एलआईयू सब-इंस्पेक्टर भास्कर पाठक एवं कांस्टेबल कमल कुमार उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने छात्र नेताओं एवं विद्यार्थियों को निर्वाचन के दौरान लिंगदोह समिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अनुशासन बनाए रखने, शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है।

मुख्य शास्ता प्रोफेसर पी.एन. तिवारी ने संभावित प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों से व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप, अनुशासनहीनता, किसी भी प्रकार के दबाव अथवा ऐसे आचरण से बचने की अपील की, जिससे महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने मताधिकार का स्वतंत्र, शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से प्रयोग करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पुष्पेश पांडे ने सभी छात्र-छात्राओं एवं संभावित प्रत्याशियों से अपेक्षा की कि वे छात्र संघ निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया के दौरान अनुशासन, शांति, सौहार्द एवं महाविद्यालय की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि छात्र संघ निर्वाचन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है। इसलिए सभी प्रतिभागियों का दायित्व है कि वे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करें।

बैठक के अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 से संबंधित सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों, लिंगदोह समिति की संस्तुतियों, छात्र संघ नियमावली एवं आदर्श आचार संहिता के अनुरूप ही संचालित की जाएंगी। प्रशासन ने शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं अनुशासित निर्वाचन के लिए सभी छात्र-छात्राओं, प्रत्याशियों, शिक्षकगण एवं पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा की।

बैठक में मुख्य शास्ता प्रोफेसर पी.एन. तिवारी सहित डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. प्राची जोशी, डॉ. रश्मि रौतेला, डॉ. भारत पांडे, डॉ. आशुतोष विक्रम, डॉ. बबीता कांडपाल, डॉ. संगीता एवं डॉ. सुदर्शन कुमार उपस्थित रहे। इसके अलावा निवर्तमान छात्र संघ अध्यक्ष हर्षित रौतेला एवं सचिव गौरव तिवारी सहित छात्र संघ के विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों ने बैठक में सहभागिता की।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments