HomeBreaking Newsनैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन

नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन

हृदयाघात के बाद हल्द्वानी के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस

सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का शनिवार को हृदयाघात के चलते आकस्मिक निधन हो गया। 52 वर्षीय जोशी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके आकस्मिक निधन की खबर से सूचना विभाग के साथ ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

ADVERTISEMENTS

गिरिजा शंकर जोशी लंबे समय से सूचना विभाग से जुड़े हुए थे और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में जिला सूचना अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। उन्होंने चंपावत समेत कई जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। नैनीताल में जिला सूचना अधिकारी के पद पर रहते हुए उनका पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय रहा।

मिलनसार स्वभाव, सरल व्यवहार और कर्मठ कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले गिरिजा शंकर जोशी पत्रकारों और अधिकारियों के बीच लोकप्रिय थे। विभागीय दायित्वों के निर्वहन के साथ ही मीडिया और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निधन को सूचना विभाग के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

निधन की सूचना मिलते ही सांसद अजय भट्ट सहित प्रशासनिक अधिकारियों, सूचना विभाग के कर्मचारियों और पत्रकारों ने उनके आवास पर पहुंचकर दिवंगत जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके असामयिक निधन से सहकर्मियों और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

13 सितंबर को चित्रशिला घाट पर होगा अंतिम संस्कार

गिरिजा शंकर जोशी की अंतिम यात्रा 13 सितंबर, रविवार को सुबह 8 बजे उनके आवास बीके पुरम, रेनबो पब्लिक स्कूल के निकट, बिठोरिया नंबर-1 से रवाना होगी। अंतिम संस्कार रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर किया जाएगा। अंतिम यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, सूचना विभाग के कर्मचारियों, पत्रकारों और उनके परिचितों के शामिल होने की संभावना है।

गिरिजा शंकर जोशी का निधन सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत के लिए एक ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कठिन है। उनके सहज व्यक्तित्व, सहयोगी व्यवहार और जिम्मेदार कार्यशैली को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments