अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर गहरी दरार से मंडराया खतरा, कभी भी धंस सकती है सड़क

0
अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर गहरी दरार से मंडराया खतरा, कभी भी धंस सकती है सड़क
अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर गहरी दरार से मंडराया खतरा, कभी भी धंस सकती है सड़क

जवाहर नवोदय विद्यालय के नीचे सड़क की हालत चिंताजनक

बारिश ने बढ़ाई परेशानी, हादसे की आशंका के बीच तत्काल मरम्मत की मांग

सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। अल्मोड़ा—हल्द्वानी हाईवे पर जवाहर नवोदय आवासीय विद्यालय के नीचे सड़क पर भारी बारिश के बाद पड़ी गहरी दरारों ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। सड़क के एक हिस्से में दरार बढ़ने के साथ ही इसके धंसने का अंदेशा भी बना हुआ है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थान संभावित दुर्घटना का केंद्र बन गया है।


ADVERTISEMENTS

लगातार बारिश के कारण हाईवे के इस हिस्से की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। सड़क पर दिखाई दे रही दरारें महज सतही क्षति नहीं, बल्कि सड़क के नीचे की संरचना पर बारिश के प्रभाव की आशंका भी पैदा कर रही हैं। यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्य नहीं किया गया तो दरार के और अधिक फैलने अथवा सड़क का हिस्सा धंसने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

वाहन चालकों के लिए बढ़ी मुश्किल

हाईवे का यह मार्ग पर्वतीय क्षेत्र में आवागमन के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन यहां से गुजरते हैं। सड़क पर दरार के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को संतुलन बनाए रखने में परेशानी हो सकती है। वहीं चौपहिया वाहनों के आवागमन के दौरान भी सड़क के कमजोर हिस्से पर अतिरिक्त दबाव पड़ने से स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।

स्थानीय स्तर पर लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखने की आवश्यकता है। यदि दरारों की तत्काल मरम्मत नहीं की गई और सड़क के धंसाव को रोकने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

तत्काल मरम्मत के साथ सुरक्षा उपाय जरूरी

जनहित में स्थानीय लोगों ने प्रशासन तथा संबंधित निर्माण एवं रखरखाव एजेंसी से मांग की है कि सड़क की स्थिति का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए। केवल ऊपर से दरार भरने के बजाय यह भी सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि सड़क के नीचे मिट्टी अथवा पहाड़ी ढलान में किसी प्रकार का कटाव या कमजोर स्थिति तो उत्पन्न नहीं हुई है।

इसके साथ ही खतरे वाले स्थान पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक लगाने, आवश्यकता पड़ने पर बैरिकेडिंग करने और रात के समय वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से सावधान करने की व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठ रही है।

जल्द कराया जाएगा रखरखाव कार्य : तय्यब खान

इस संबंध में ऑल ग्रेस कंपनी के मैनेजर तय्यब खान ने सीएनई संवाददाता अनूप सिंह जीना को बताया कि सड़क का रखरखाव कार्य शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क पर पड़ी दरारों को जल्द भरने के साथ आवश्यक रखरखाव कार्य संपन्न कराया जाएगा।

अब देखना यह है कि संबंधित एजेंसी द्वारा मरम्मत कार्य कितनी शीघ्रता से शुरू किया जाता है। फिलहाल बारिश के मौसम में सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतना और संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए समय रहते कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।

जनहित में अपील

वाहन चालकों से भी अपील है कि इस स्थान से गुजरते समय गति नियंत्रित रखें और सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से पर विशेष सावधानी बरतें। प्रशासन एवं संबंधित एजेंसी से अपेक्षा है कि किसी दुर्घटना की प्रतीक्षा करने के बजाय सड़क की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS