HomeUttarakhandAlmoraअल्मोड़ा: जिले में धूमधाम से मनेगी भारत रत्न पंडित जीबी पंत जयंती

अल्मोड़ा: जिले में धूमधाम से मनेगी भारत रत्न पंडित जीबी पंत जयंती

╰┈➤ चार स्थानों पर होंगे कार्यक्रम, जिला प्रशासन ने रूपरेखा तय की, अफसरों को निर्देश

ADVERTISEMENTS

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: आगामी 10 सितंबर 2026 को भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी क्रम में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें अल्मोड़ा, खूंट, रानीखेत एवं स्याल्दे में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 सितंबर को प्रातः 7 बजे अल्मोड़ा नगर स्थित नंदादेवी मंदिर से पंडित गोविंद बल्लभ पंत पार्क तक विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद पंत पार्क में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। दोपहर में रैमजे इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जन्मस्थली खूंट में प्रातः 9:30 बजे ग्रामवासियों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों की सहभागिता से साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा पौधारोपण किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 10:30 बजे से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रानीखेत एवं स्याल्दे में भी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खूंट में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित स्टॉल लगाए जाएं। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में उत्पादित स्थानीय वस्तुओं के स्टॉल भी खूँट में लगाए जाएंगे। बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास केएन तिवारी, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, जयंती समारोह की विभिन्न समितियों के सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments