╰┈➤ बरसाती आपदा में लोगों के मारे पर जिला कांग्रेस कमेटी ने जताया दुख
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिला कांग्रेस कमेटी ने बरसाती आपदा में हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा कि आपदा की इस घड़ी में कांग्रेस प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि आपदा में राहत व बचाव कार्य में तेजी लाए और खतरे की जगह से लोगों को विस्थापित कराया जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष भूपेंद्र भोज ने कहा है कि जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। प्राकृतिक आपदा में अब तक तीन लोगों की दुखद मृत्यु हो चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में मकानों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है तथा अनेक परिवार खतरे की आशंका के बीच जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिन क्षेत्रों में भूस्खलन, मकानों के क्षतिग्रस्त होने अथवा अन्य आपदा का खतरा बना हुआ है, वहां रह रहे लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित किया जाए। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित आवास, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जानी चाहिए। अविलंब क्षति का आकलन कर प्रभावितों को उचित मुआवजा दिया जाने की मांग भी की है। भोज ने प्रशासन से अपील की कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके। उन्होंने यह भी कहा है कि जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा इस कठिन समय में आपदा प्रभावित सभी परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।





