9वें लागोस इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट में ध्रुव ने रचा गौरवशाली इतिहास
मिश्रित युगल में मनीषा के साथ जीता गोल्ड
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। नाइजीरिया के लागोस में भारतीय बैडमिंटन का परचम लहराते हुए अल्मोड़ा के होनहार शटलर ध्रुव रावत ने शानदार प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। 26 से 29 अगस्त तक आयोजित 9वें लागोस इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट के मिश्रित युगल मुकाबले में ध्रुव ने अपने जोड़ीदार मनीषा के साथ खेलते हुए खिताबी जीत दर्ज की। अंतरराष्ट्रीय मंच पर ध्रुव की इस उपलब्धि से उत्तराखंड के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है।
स्वर्ण पदक की राह में ध्रुव और मनीषा की जोड़ी ने सेमीफाइनल में बेहद आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए नाइजीरिया की बाबतुंदे और अदेकुंले की जोड़ी को सीधे सेटों में पराजित किया। भारतीय जोड़ी ने मुकाबले में शानदार नियंत्रण बनाए रखा और 21-14, 21-14 के समान अंतर से दोनों सेट जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में लगातार दो सेटों में जीत ने ध्रुव-मनीषा की जोड़ी के आत्मविश्वास को और मजबूत किया और खिताब के लिए उनका दावा बेहद मजबूत नजर आया।
फाइनल में भारतीय जोड़ी से भिड़ंत, रोमांचक मुकाबले में जीता सोना
खिताबी मुकाबला और भी चुनौतीपूर्ण रहा, क्योंकि फाइनल में ध्रुव और मनीषा के सामने भारत की ही सात्विक रेड्डी और राधिका की जोड़ी थी। दोनों भारतीय जोड़ियों के बीच हुए इस मुकाबले में दर्शकों को जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
ध्रुव-मनीषा ने पहला सेट 21-17 से अपने नाम कर शानदार शुरुआत की। हालांकि दूसरे सेट में सात्विक रेड्डी और राधिका ने वापसी करते हुए 21-17 से सेट जीत लिया। इसके बाद मुकाबला निर्णायक स्थिति में पहुंच गया।
निर्णायक सेट में ध्रुव-मनीषा की जोड़ी ने 16-11 की बढ़त बना ली। इसी दौरान विपक्षी जोड़ी के खिलाड़ी के रिटायर्ड हर्ट होने के बाद मुकाबला समाप्त हुआ और ध्रुव-मनीषा की जोड़ी को विजेता घोषित किया गया। इसके साथ ही ध्रुव ने अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।
ध्रुव रावत की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि अल्मोड़ा और पूरे उत्तराखंड में बैडमिंटन की समृद्ध परंपरा रही है। ध्रुव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के इस गौरव को आगे बढ़ाया है। लागोस में मिली यह स्वर्णिम सफलता निश्चित रूप से युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
ध्रुव की इस उपलब्धि से उनके परिवार, प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतना उनके खेल कौशल, मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है।
उत्तराखंड बैडमिंटन जगत में खुशी की लहर
ध्रुव रावत की शानदार उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ की अध्यक्षा डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बी.एस. मनकोटी, कोषाध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल, चीफ कोच डी.के. सेन सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी व्यक्त की है।
वहीं जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता, राकेश जायसवाल, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उप सचिव संजय नज्जौन, डी.के. जोशी, नंदन रावत सहित उत्तराखंड और अल्मोड़ा बैडमिंटन संघ के सभी पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने ध्रुव रावत की इस शानदार सफलता पर उन्हें तथा उनके माता-पिता को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
ध्रुव की यह स्वर्णिम उपलब्धि न केवल अल्मोड़ा बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण है। अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोर्ट पर ध्रुव के रैकेट से निकली जीत की यह चमक प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को नई उम्मीद और नई ऊर्जा देने वाली है।





