╰┈➤ भनार रैलापाली में पीएम की ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पहुंचे दर्जा राज्यमंत्री एवं महापौर
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले के विकासखंड हवालबाग अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय भनार रैलापाली में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण सुना गया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल एवं महापौर अजय वर्मा ने बाद में क्षेत्र के लोगों से संवाद किया और समस्याएं भी सुनीं।
कार्यक्रम मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों एवं जनहित के विषयों को एकाग्रता से सुना। कार्यक्रम के पश्चात अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा ने क्षेत्रवासियों के साथ संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। क्षेत्रवासियों ने स्ट्रीट लाइट, रास्तों तथा अन्य स्थानीय आवश्यकताओं से संबंधित समस्याएं उनके समक्ष रखी। महापौर ने समस्याओं के निदान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों से आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा और समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। वहीं, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल ने क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े छोटे-छोटे कार्य भी जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनभागीदारी और जनसंवाद को विकास का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। जनता से सीधे संवाद के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में कार्य करना निरंतर जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या का समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता है। इस मौके पर वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पार्षद कैलाश गुरुरानी, कृष्ण बहादुर, नीरज कुमार, प्रमोद कुमार, साहिल, नवीन कुमार, किशन राम, गणेश लाल, जीएस बगड्वाल, तिलक कुमार, त्रिलोक टम्टा, जगदीश चंद्र, देवेंद्र लाल, हरीश लाल, नवीन चंद, तिलोक राम, शिवलाल एवं जगदीश लाल सहित अनेक क्षेत्रवासी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





