╰┈➤ कई दिनों के प्रयास से मिली सफलता, लेकिन खतरा टला नहीं, दहशत में लोग
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा से सटे माल गांव में कई दिनों से गुलदारों के दिनदहाड़े विचरण से लोग भय से साये में हैं। कई रोज से दहशत चल रही है। गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरा लगाया था और आज सुबह उस वक्त सफलता मिली, जब एक गुलदार पिंजरे में कैद हो गया, लेकिन इससे राहत व सुकून नहीं मिल सका, क्योंकि दिन में ही वहीं आसपास दो अन्य गुलदार विचरण करते नजर आ गए। बहरहाल आज माल गांव गुलदार के पिंजरे में फंसने से कौतूहल का माहौल बना रहा।
उल्लेखनीय है कि कई दिनों से मालगांव के लोग गुलदार के आंतक की शिकायत कर रहे हैं और उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की। तब जाकर पिंजरा लगा। लोगों में कई रोज से दहशत फैली है। सांझ ढलते ही भय के मारे लोग घरों में दुबक रहे हैं। इसी क्रम के चलते रविवार को जब एक गुलदार के पिंजरे में फंसने की खबर मिली, तो लोग बड़ी संख्या में कैद गुलदार को देखने पहुंच गए। जहां कौतूहल का नजारा दिखा। जैसे ही अब राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, तो उसी दौरान आसपास ही दो अन्य गुलदार दिनदहाड़े विचरण करते दिख गए। जिन्हें लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। जिससे साफ हो गया कि खतरा टला नहीं। रिहायशी इलाके में चहलकदमी करते गुलदारों का वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें दो गुलदार विचरण करते दिख रहे हैं। ऐसे में लोगों को बच्चों व मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। बहरहाल, आज कैद हुए गुलदार को वन विभाग की टीम ले गई।





