20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, गाड़ी खरीदने की थी योजना
सीएनई रिपोर्टर, भवाली। भवाली पुलिस ने घर से चोरी हुए करीब 12 तोला सोने के आभूषणों की चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर करीब 15 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए सभी स्वर्ण आभूषण बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के आभूषण बेचकर गाड़ी खरीदने की योजना थी।
29 अगस्त 2026 को उमा लटवाल पत्नी स्वर्गीय नारायण सिंह लटवाल, निवासी ग्राम गैराड़ी लटवाल, पोस्ट मौना, थाना भवाली, जनपद नैनीताल ने कोतवाली भवाली में तहरीर देकर अपने घर से स्वर्ण आभूषण चोरी होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया और चोरी की घटना के शीघ्र खुलासे के लिए जांच तेज कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के आदेश पर, पुलिस अधीक्षक अपराध नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सुरागरसी-पतारसी शुरू की। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के साथ ही उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। त्वरित विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान पुलिस को चोरी की घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ और पुलिस कार्रवाई में चोरी की घटना का खुलासा हो गया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गाड़ी खरीदने के लिए चोरी किए थे आभूषण
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वजह भी बताई। आरोपी के अनुसार उसने चोरी किए गए सोने के आभूषणों को बेचकर गाड़ी खरीदने की योजना बनाई थी। इसी उद्देश्य से उसने घर से आभूषण चोरी किए थे।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी स्वर्ण आभूषण बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों में पीली धातु की दो जोड़ी पौंची, एक जोड़ी कान के झुमके, एक नथ, एक गोलोबन्द, एक मांग-टीका और एक अंगूठी शामिल है। बरामद स्वर्ण आभूषणों का कुल वजन करीब 12 तोला बताया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है।
इस प्रकार पुलिस ने चोरी गए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है।
आरोपी के खिलाफ धारा 317(2) भी बढ़ाई
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू पुत्र पूरन सिंह लटवाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गैराड़ी लटवाल, पोस्ट मौना, थाना भवाली, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत दर्ज मामले में धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम
चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करने और चोरी किए गए करीब 15 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए ढाई हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक अरुण सिंह राणा, हेड कांस्टेबल लाल बाबू, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश, हेड कांस्टेबल चालक आनन्द सिंह कनवाल, कांस्टेबल आनन्द सिंह राणा, कांस्टेबल हरीश सिंह, कांस्टेबल प्रकाश चन्द्र, कांस्टेबल मनीष पुनेठा और कांस्टेबल नरेन्द्र मेहता शामिल रहे।





