HomeBreaking News5,921 मीटर ऊंची डेल्टा-41 चोटी फतह कर पैराग्लाइडर से उतरे मनीष मखौलिया

5,921 मीटर ऊंची डेल्टा-41 चोटी फतह कर पैराग्लाइडर से उतरे मनीष मखौलिया

नागरिक सम्मान से नवाजे

सीएनई रिपोर्टर, पिथौरागढ़। धनौड़ा निवासी पैराग्लाइडर और साहसिक खेलों के प्रशिक्षक मनीष मखौलिया को डेल्टा-41 चोटी के सफल आरोहण के बाद वहां से पैराग्लाइडर के जरिए रिकॉर्ड समय में रोड हेड कैंप तक पहुंचने और साहसिक पर्यटन व पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए नागरिक सम्मान से नवाजा गया। जिला मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में उप जिलाधिकारी जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि पिथौरागढ़ में साहसिक खेल एवं पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और यह क्षेत्र साहसिक गतिविधियों के लिए बेहद मुफीद है। उन्होंने प्रशासन की ओर से इस दिशा में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

ADVERTISEMENTS

सम्मान समारोह में मनीष मखौलिया ने अपने साहसिक अभियान की जानकारी साझा करते हुए बताया कि विगत 16 अगस्त को जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स की टीम ने 5,921 मीटर की ऊंचाई पर स्थित डेल्टा-41 चोटी का कठिन आरोहण किया। टीम ने इसे रिकॉर्ड 6 घंटे 15 मिनट में पूरा किया। इसके बाद लगभग सुबह आठ बजे चोटी के शिखर से कर्नल हेम चंद्र के साथ पैराग्लाइडर के जरिए उड़ान भरी गई और करीब 29 मिनट की उड़ान के बाद 3,330 मीटर की ऊंचाई पर स्थित रोड हेड कैंप में सफल लैंडिंग की गई।

तकनीकी रूप से बेहद कठिन है डेल्टा-41 चोटी

मनीष मखौलिया ने बताया कि डेल्टा-41 चोटी लेह-लद्दाख क्षेत्र में स्थित है और तकनीकी दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। इस अभियान में आइस वॉल, क्लाइम्बिंग, रिवर क्रॉसिंग और क्रेवास जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इन चुनौतियों के कारण इस चोटी का आरोहण सामान्य पर्वतारोहण अभियानों की तुलना में काफी कठिन हो जाता है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान की खास उपलब्धि यह रही कि चोटी पर सफलतापूर्वक समिट करने के बाद वहीं से पैराग्लाइडर के माध्यम से उड़ान भरी गई और रिकॉर्ड समय में नीचे रोड हेड तक पहुंचकर सुरक्षित लैंडिंग की गई। इस प्रकार पर्वतारोहण और पैराग्लाइडिंग को एक ही साहसिक अभियान में जोड़ने का यह अनुभव विशेष रहा।

युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने पर जोर

मनीष मखौलिया ने युवाओं से साहसिक खेलों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में आगे आना होगा। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ में युवाओं की एक टीम इस उद्देश्य को लेकर संकल्पित होकर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में पैराग्लाइडिंग, रिवर क्रॉसिंग, राफ्टिंग और पर्वतारोहण के क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षक एवं प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध हैं। यदि समाज और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से योजनाबद्ध तरीके से पहल करें तो साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया जा सकता है। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही जिले की पर्यटन क्षमता को भी नई पहचान मिल सकती है।

2017 से पैराग्लाइडिंग में सक्रिय

मनीष मखौलिया ने गोरखा रेजिमेंट से रॉक क्लाइम्बिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया और वर्ष 2017 से पैराग्लाइडिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड सहित देश के कई दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण पर्वतीय क्षेत्रों में पैराग्लाइडिंग की है।

वर्ष 2023 में उन्होंने पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप में भी प्रतिभाग किया। इसके अलावा विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। ऑल इंडिया बाइक राइड में भी वह अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर चुके हैं।

साहसिक पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

समारोह में वक्ताओं ने मनीष मखौलिया के साहसिक अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन की नई संभावनाओं को सामने लाती हैं। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी सक्रियता को भी महत्वपूर्ण बताया।

मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि साहसिक खेल केवल रोमांच तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। उन्होंने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की और जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने किया सम्मान

सम्मान समारोह में वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी, जाजरदेवल थानाध्यक्ष प्रकाश पांडेय, लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित बिष्ट, योगेंद्र चंद, दीपक मखौलिया, चित्रा मखौलिया, प्रगतिशील किसान जीवन कापड़ी, काजल मखौलिया, किसान भूषण पुरस्कार प्राप्त पूर्व सूबेदार केशव दत्त मखौलिया, इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स संस्था के प्रतिनिधि अनुपम बेरी, पल्लवी, मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति की अध्यक्ष विनीता कलौनी, पूर्व सैन्य अधिकारी हरीश पांडेय और सौरभ धर्मशत्तू सहित अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने मनीष मखौलिया के साहसिक अभियानों, पर्यावरण संरक्षण और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम आयोजकों तथा वन प्रभाग पिथौरागढ़ की ओर से मनीष मखौलिया को अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

संयुक्त रूप से हुआ समारोह का आयोजन

नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स (आईस) तथा मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का संचालन जगदीश कलौनी ने किया।

समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिले में साहसिक पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित किया जाए तो यह युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ जिले की पर्यटन पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत कर सकता है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments