सोने की चेन चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार बरामद
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। दमुवाढूंगा स्थित जय कृष्णा ज्वेलर्स से करीब 95 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी करने वाले दो आरोपियों को काठगोदाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार भी बरामद की है। दोनों आरोपी जीतपुर नेगी क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनकी उम्र 18 वर्ष है।
उल्लेखनीय है कि गत 12 अगस्त 2026 को जय कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक ने कोतवाली काठगोदाम में तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की कार से उसकी आभूषण की दुकान पर पहुंचे और दुकान से करीब 95 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी कर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके साथ ही अन्य माध्यमों से भी आरोपियों की तलाश और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस की जांच में मिले सुरागों के आधार पर 24 अगस्त 2026 को कुंवरपुर रोड, बागजाला, गौलापार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु मौर्य, उम्र 18 वर्ष, पुत्र भजन लाल मौर्य, निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी तथा अंतरिक्ष सागर, उम्र 18 वर्ष, पुत्र सत्यपाल, निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक सोने की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार संख्या UK04F-1588 बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक, उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह मेहता, हेड कांस्टेबल शैलेंद्र राणा, हेड कांस्टेबल भुवन चंद और कांस्टेबल टीका राम शामिल रहे।












