नशे में स्टेयरिंग थामा तो पुलिस का शिकंजा तय—SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी
CNE REPORTER, भवाली। शराब के नशे में वाहन चलाना और वाहन के भीतर सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करना छह लोगों को भारी पड़ गया। ऑपरेशन प्रहार के तहत भवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान नशे में वाहन चला रहे चालक समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। मेडिकल परीक्षण में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने वाहन को सीज करने के साथ ही चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम तथा उसके पांच साथियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के दिशा-निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन संख्या यूके04-एएस-9619 को रोककर जांच की। जांच में सामने आया कि वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। वाहन में सवार उसके पांच अन्य साथी भी शोर-शराबा कर सार्वजनिक स्थान पर न्यूसेंस उत्पन्न कर रहे थे।
पुलिस ने चालक समेत सभी छह लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में चिकित्सकीय परीक्षण कराया। परीक्षण में चालक के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया। वहीं वाहन में सवार पांच अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
छह लोगों पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार लोगों में विकास कुमार पुत्र भुवन आर्य, निवासी जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा, अंबेडकर पार्क के पास, थाना काठगोदाम, नैनीताल, वाहन चालक है। उसके साथ पारस मेहरा पुत्र राकेश मेहरा, उम्र 22 वर्ष; अनुज सागर पुत्र शीशपाल सागर, उम्र 24 वर्ष; बृजेश कुमार पुत्र कैलाश कुमार, उम्र 23 वर्ष; चंदन आर्य पुत्र हरीश राम, उम्र 21 वर्ष; और अशोक कोहली पुत्र बहादुर राम, उम्र 37 वर्ष, सभी निवासी जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा, अंबेडकर पार्क के पास, थाना काठगोदाम, नैनीताल को गिरफ्तार किया गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल चालक के लिए ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाने वालों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और न्यूसेंस करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे में स्टेयरिंग थामा तो पुलिस का शिकंजा तय है। सड़क सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।












