सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। शराब के नशे में वाहन चलाना एक चालक को भारी पड़ गया। चौखुटिया पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान कार चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा। पुलिस ने चालक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत गिरफ्तार करने के साथ ही वाहन को सीज कर दिया। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रेशखर घोडके के निर्देश पर जिलेभर में ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चौखुटिया अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान वाहन संख्या यूके01-डी-6933 के चालक सुरेन्द्र सिंह पुत्र राम सिंह, निवासी धुधलिया मेहर, चौखुटिया, जनपद अल्मोड़ा को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया और वाहन को सीज कर दिया।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चौखुटिया अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस कर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।










