झाड़ियों से निकले तेंदुए ने अचानक बोला धावा
सीएनई रिपोर्टर, पनुवानौला। विकासखंड भैसियाछाँना के छानी गांव में बुधवार सुबह अपनी दुकान जा रहे एक व्यवसायी पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। झाड़ियों में घात लगाकर बैठे तेंदुए के हमले में दीवान सिंह की पीठ और हाथ पर गंभीर घाव आए हैं। तेंदुए के अचानक झपटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दीवान सिंह ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।








जानकारी के मुताबिक छानी गांव निवासी व्यवसायी दीवान सिंह सुबह करीब 6 बजे अपने घर से सप्तेश्वर मंदिर के पास स्थित अपनी दुकान के लिए निकले थे। वह दुकान की ओर जा ही रहे थे कि रास्ते में झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला बोल दिया।

अचानक हुए हमले से दीवान सिंह को संभलने का मौका तक नहीं मिला। तेंदुए ने उन पर झपट्टा मारते हुए हाथ और पीठ को घायल कर दिया। खतरे को भांपते हुए दीवान सिंह ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह वहां से भाग निकले। उनके शोर और भागने के बाद तेंदुआ जंगल की ओर चला गया।
बाड़ेछीना में प्राथमिक उपचार
घटना के बाद घायल व्यवसायी को तत्काल बाड़ेछीना में प्राथमिक उपचार दिलाया गया। सामाजिक कार्यकर्ता शिवराज सिंह सुप्याल ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद दीवान सिंह को बेहतर इलाज के लिए अल्मोड़ा भेजा गया है।
तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में खौफ
व्यवसायी पर तेंदुए के हमले की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर भय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग भी उठाई है, ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो।
सुबह दुकान खोलने जा रहे व्यवसायी पर तेंदुए के हमले की इस घटना ने क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


