HomeAccidentदेहरादून में भीषण सड़क हादसा: पिकअप से टकराई इको वैन, चार की...

देहरादून में भीषण सड़क हादसा: पिकअप से टकराई इको वैन, चार की मौत

टायर निकलने के बाद बेकाबू हुआ पिकअप

CNE REPORTER, देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। मणिमाई मंदिर के पास पिकअप वाहन और इको वैन की जोरदार भिड़ंत में तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद इको वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गया।

ADVERTISEMENTS

जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 10:40 बजे हुआ। देहरादून से हरिद्वार की दिशा में जा रही इको वैन में कुल सात लोग सवार थे। इसी दौरान सामने चल रहे पिकअप वाहन का पिछला टायर अचानक निकल गया। टायर निकलने से पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराया। इसी बीच पीछे से आ रही इको वैन पिकअप से भिड़ गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि वैन का अगला हिस्सा चकनाचूर

दोनों वाहनों के बीच हुई जोरदार टक्कर में इको वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत-बचाव टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली डोईवाला और हर्रावाला चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों और राहतकर्मियों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। सभी को 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल पहुंचते ही दो ने तोड़ा दम, दो की इलाज के दौरान मौत

पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उपचार के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या चार पहुंच गई।

मृतकों में नरेश (42), पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक (हरियाणा) तथा विनोद, निवासी रोहतक (हरियाणा) की पहचान हुई है। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान के लिए प्रयास कर रही है।

तीन घायलों का उपचार जारी

हादसे में घायल विपेंद्र सिंह (35), पुत्र रामबरन सिंह, निवासी रेलवे रोड, हरियाणा और विक्की, पुत्र रामभरोसे, निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं (उत्तर प्रदेश) का उपचार चल रहा है। तीसरे घायल को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि उसकी पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना अचानक हुई और कुछ घायल बेहोशी की हालत में थे। इसी वजह से सभी मृतकों और घायलों की पहचान तत्काल सुनिश्चित नहीं हो सकी। पहचान की प्रक्रिया जारी है।

हादसे के बाद कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

दुर्घटना के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और पिकअप के टायर निकलने समेत दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments