एसएसपी नैनीताल ने कहा—बच्चों के विरुद्ध अपराध में जीरो टॉलरेंस
CNE REPORTER, हल्द्वानी। नाबालिग बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दुष्कर्म के आरोपी को घटना की शिकायत मिलने के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में नैनीताल पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति है और ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिनांक 13 अगस्त 2026 को वादिनी द्वारा कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि मोहम्मद आजम ने अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास ईंटों के चट्टे के पीछे उसके नाबालिग पुत्र के साथ दुष्कर्म किया और उसके साथ मारपीट भी की।

तहरीर के आधार पर कोतवाली मुखानी में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आजम उर्फ अफजल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 137(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4 के तहत अभियोग पंजीकृत किया। मामले की विवेचना उप निरीक्षक दीपा जोशी को सौंपी गई है।
गंभीरता को देखते हुए तत्काल शुरू की गई कार्रवाई
नाबालिग से जुड़े इस गंभीर प्रकरण को नैनीताल पुलिस ने प्राथमिकता पर लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप आरोपी मोहम्मद आजम उर्फ अफजल पुत्र असलम बाग, निवासी ग्राम कायमगंज, तहसील बिलासपुर, जनपद उत्तर प्रदेश, हाल निवासी भूरा मुल्ला, अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल, उम्र करीब 40 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया गया।
नाबालिगों के विरुद्ध अपराध पर सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नाबालिग बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को नैनीताल पुलिस बेहद गंभीरता से लेती है। ऐसे जघन्य अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और उनके खिलाफ त्वरित एवं कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस के इस त्वरित एक्शन से यह स्पष्ट संदेश गया है कि बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वाले आरोपियों के खिलाफ नैनीताल पुलिस सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। प्रकरण की विवेचना उप निरीक्षक दीपा जोशी द्वारा की जा रही है।


