जनहित और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी का लिया संकल्प
सीएनई रिपोर्टर, भवाली। उत्तराखंड शासन द्वारा नामित सभासद उमा पढ़ालनी एवं पवन भाकुनी ने सोमवार को भवाली नगर पालिका परिषद में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज कुमार आर्या ने दोनों नव-नामित सभासदों को शपथ दिलाई और कहा कि उनके बोर्ड में शामिल होने से नगर के विकास एवं जनहित के कार्यों को नई ऊर्जा और गति मिलेगी। इस दौरान दोनों सभासदों का पालिका परिवार की ओर से फूल-मालाओं से भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
सोमवार को नगर पालिका परिषद भवाली के सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शासन द्वारा नामित सभासद उमा पढ़ालनी और पवन भाकुनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के साथ हुई। शपथ ग्रहण के बाद नगर पालिका अध्यक्ष पंकज कुमार आर्या ने दोनों नव-नामित सदस्यों का पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष पंकज कुमार आर्या ने कहा कि नगर पालिका बोर्ड में दोनों नए सभासदों के शामिल होने से जनहित के कार्यों को सामूहिक सहभागिता और बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नगर के विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
नवनियुक्त सभासद उमा पढ़ालनी एवं पवन भाकुनी ने अपने संबोधन में कहा कि वे नगरवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे तथा नगर पालिका के प्रत्येक जनहितकारी कार्य में सक्रिय एवं जिम्मेदार सहभागी की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार तथा युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भवाली के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी और वे इस विकास यात्रा में पूरी निष्ठा के साथ अपना योगदान देंगे।
कार्यक्रम को पूर्व पालिका अध्यक्ष संजय वर्मा, सभासद मुकेश कुमार, नाजमा खान, तुलसी जोशी, सपना कुमारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज अद्वितीय, अल्पसंख्यक आयोग सदस्य मुहम्मद जावेद, कार्यकारी अधिशासी अधिकारी इंद्र कपिल, वरिष्ठ लिपिक पंकज जोशी तथा लेखाकार साक्षी शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी ने नव-नामित सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए नगर के विकास कार्यों में उनके सक्रिय योगदान की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन कर्मचारी नेता मनोज तिवारी ने किया। समारोह में पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


