HomeBreaking Newsरुद्रपुर: लापता रिजवान का शव नदी में मिला, हत्या की आशंका

रुद्रपुर: लापता रिजवान का शव नदी में मिला, हत्या की आशंका

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

सीएनई रिपोर्टर, रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तीन दिन से लापता 13 वर्षीय किशोर रिजवान का शव शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे कल्याणी नदी से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS
Advertisement

पुलिस के अनुसार, खेड़ा वार्ड-17 निवासी 13 वर्षीय रिजवान 21 जुलाई को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने पहले रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस भी लगातार उसकी तलाश में जुटी रही, मगर कई दिनों तक कोई सफलता नहीं मिली।

शनिवार सुबह झील के समीप स्थित कल्याणी नदी में मछली पकड़ने पहुंचे लोगों ने नदी में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही रम्पुरा चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। बाद में उसकी पहचान लापता किशोर रिजवान के रूप में हुई।

शव मिलने की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि रिजवान के सिर पर चोट के निशान थे, जिससे उन्हें संदेह है कि पहले उसकी हत्या की गई और बाद में शव को नदी में फेंक दिया गया। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। यदि रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है तो उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) विभव सैनी ने बताया कि कल्याणी नदी से एक किशोर का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

फिलहाल पूरे मामले की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि किशोर की मौत किसी हादसे का परिणाम थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
भारत का पहला प्राइवेट ऑर्बिटल रॉकेट Vikram-1

🚀 भारत का पहला Private Orbital Rocket

Vikram-1 ने रचा इतिहास • पूरी वीडियो देखने के लिए नीचे क्लिक करें

▶️ अभी वीडियो देखें
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments