दो स्वास्थ्य शिविरों से ग्रामीणों को बड़ी राहत
आंखों की जांच से लेकर बच्चों का हेल्थ चेकअप
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी/रामगढ़। जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में शुक्रवार को सुयालबाड़ी और रामगढ़ क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। सुयालबाड़ी में श्री बाबा हैड़ाखान चैरिटेबल एंड रिसर्च हॉस्पिटल, चिलियानौला (रानीखेत) द्वारा नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया, जबकि रामगढ़ विकासखंड के सिरसा प्राथमिक विद्यालय में चिराग संस्था की ओर से स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक जांच और दवा वितरण किया गया।

सुयालबाड़ी में 27 लोगों की आंखों की जांच
श्री बाबा हैड़ाखान चैरिटेबल एंड रिसर्च हॉस्पिटल, चिलियानौला (रानीखेत) द्वारा सुयालबाड़ी में आयोजित विशाल नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 27 लोगों की नेत्र जांच की गई। जांच के दौरान तीन मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि होने पर उन्हें ऑपरेशन के लिए हैड़ाखान अस्पताल बुलाया गया।

शिविर में अस्पताल की ओर से डॉ. बी.एस. रावत ने कैंप प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। उनके साथ अनुभव (ऑप्टोमेट्रिस्ट) तथा खीम सिंह (चालक) मौजूद रहे।
शिविर के सफल आयोजन में स्थानीय स्वयंसेवकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनमें मदन मोहन सुयाल (सामाजिक कार्यकर्ता), दीपक सुयाल (ग्राम प्रधान), जयंत कुमार नेगी (उप प्रधान) तथा कुसुमलता सुयाल (वन सरपंच) ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
सिरसा प्राथमिक विद्यालय में बच्चों व अभिभावकों का स्वास्थ्य परीक्षण
इधर, ऐप्पी परियोजना, रामगढ़ के अंतर्गत 21 अगस्त 2026 को प्राथमिक विद्यालय सिरसा में चिराग संस्था की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
चिकित्सा अधिकारियों द्वारा बच्चों की लंबाई, वजन तथा हीमोग्लोबिन की जांच की गई। साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गए।
इस अवसर पर चिराग की स्वास्थ्य टीम, रामगढ़ ब्लॉक के क्षेत्र प्रबंधक भीम सिंह नेगी, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान तथा प्राथमिक विद्यालय सिरसा की प्रधानाचार्या सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने ऐसे शिविरों को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अत्यंत उपयोगी बताया।



