╰┈➤ अल्मोड़ा में जिलाधिकारी ने वर्चुअल बैठक लेकर अफसरों को किया सतर्क

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को मानसून काल के लिए हुई तैयारियों की जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून की सक्रियता के दौरान किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहें। साथ ही तहसील स्तर पर सभी क्विक रिस्पांस टीमों को पूर्णतः तैयार रहने के निर्देश दिए।

डीएम ने नगर निकायों, लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित विभागों को नालियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सड़कों के किनारे झाड़ियों का कटान कराने तथा संवेदनशील एवं खतरनाक स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को जर्जर विद्युत पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकीय टीमों एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। वहीं जल संस्थान एवं जल निगम को पेयजल की गुणवत्ता एवं नियमित उपलब्धता बनाए रखने तथा वर्षाकाल के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ रामजीशरण शर्मा, एडीएम युक्ता मिश्र, एसडीएम संजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य सभी जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।



