बच्चे के साथ घर में अकेली थी महिला
तमंचे की नोंक पर गैंगरेप, फिर झुमके लूटकर फरार
सीएनई रिपोर्टर, लक्सर। हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए 22 से 25 वर्ष की उम्र के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ये चारों आरोपी रात के अंधेरे में एक महिला के घर में घुस गए, जहां वह अपने छोटे बच्चे के साथ अकेली मौजूद थी। आरोप है कि आरोपियों ने तमंचे की नोक पर महिला को जान से मारने की धमकी दी, उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और वारदात के बाद उसके कानों से झुमके लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार घटना 7 जुलाई 2026 की रात की है। पीड़िता अपने बच्चे के साथ घर में थी, तभी चार युवक जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने अवैध तमंचा दिखाकर महिला को आतंकित किया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी महिला के कानों से झुमके भी छीनकर फरार हो गए। इस निर्मम घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया।
अगले दिन पीड़िता की तहरीर पर थाना पथरी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।
पथरी जंगल के पास मिला पहला सुराग
लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पथरी जंगल के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, महिला के लूटे गए झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद कर ली है।
महज 22 से 25 साल के निकले चारों आरोपी
हैरानी की बात यह है कि इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले चारों आरोपी सिर्फ 22 से 25 वर्ष की आयु के हैं।
- शिवम (24 वर्ष), निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, हरिद्वार।
- शेखर (22 वर्ष), निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, हरिद्वार।
- अरुण (23 वर्ष), निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, हरिद्वार।
- विकास (25 वर्ष), निवासी ग्राम महाखड़ी, थाना सयाना, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश)।
अन्य मामलों में भी खंगाला जा रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
थाना प्रभारी रविंद सिंह ने बताया कि बरामद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं। चारों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं उनका संबंध अन्य आपराधिक घटनाओं से तो नहीं है।
