सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी: नैनीताल जिले में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस ने हल्द्वानी में एक कथित स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 9.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/21/60 नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद को नशामुक्त बनाने तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान कालाढूंगी रोड स्थित जनता बैंड एवं ढोल दुकान के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 8/21/60 नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परवेज अहमद (40 वर्ष) पुत्र जमील अहमद, निवासी नई बस्ती, निकट गोपाल मंदिर, वार्ड संख्या 20, थाना वनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही उसके संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौर (प्रभारी चौकी हीरानगर), हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल गिरीश चंद्र शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


