» जिला स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिपि में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
» अल्मोड़ा में जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न, विजेताओं को पुरस्कार

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां इंडोर स्टेडियम में जिला बैडमिंटन संघ की ओर से आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले बीते बुधवार देर शाम संपन्न हो गए। जिसमें विभिन्न आयुवर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जिला स्तर पर विजयी खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। कई खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है।
बीते 6 जुलाई से कोच जीवन सिंह बोरा के निर्देशन में चली बैडमिंटन चैंपियनशिप में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा दिखाई। फाइनल मुकाबलों के तहत अंडर-11 बॉयज सिंगल्स में नितांत गोपाल रावत ने कार्तिकेय भंडारी और अंडर-11 गर्ल्स फाइनल मुकाबले में प्रियांशी गोस्वामी ने कृति कांडपाल को हराकर जीत दर्ज की। अंडर-13 ब्वॉयज में नैतिक जोशी ने नितांत गोपाल रावत, अंडर-13 गर्ल्स फाइनल मुकाबले में प्रियांशी गोस्वामी ने शुभ स्वस्तिका, अंडर-13 ब्वॉयज डबल्स में नैतिक जोशी व नितांत गोपाल रावत की जोड़ी ने आयुष कांडपाल और हर्षित पांडेय की जोड़ी को हराया जबकि अंडर-13 गर्ल्स डबल्स में कृति जोशी व कनिष्का प्रसाद की जोड़ी विजयी रही। इनके अलावा अंडर-15 बॉयज सिंगल्स में यश बिष्ट ने नितांत गोपाल रावत तथा अंडर-15 गर्ल्स में अंशिका सिंह ने यशस्वी जोशी को हराया। वहीं अंडर-15 बॉयज डबल्स में आयुष कांडपाल व हर्षित पांडेय की जोड़ी और अंडर-15 गर्ल्स डबल्स में यशस्वी जोशी व शुभ स्वस्तिका की जोड़ी ने चैंपियनशिप जीती। फाइनल मुकाबलों में अंडर-17 ब्वॉयज सिंगल्स में यश बिष्ट ने दिग्गेश गिरी, अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स में अंशिका सिंह ने यशस्वी जोशी को हराकर चैंपियनशिप प्राप्त की।
संघ के मीडिया प्रभारी डीके जोशी ने बताया कि जिला स्तरीय चैंपियनशिप में विजेता खिलाड़ी अब स्टेट चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि अंडर-11 व अंडर-13 वर्ग के खिलाड़ियों की स्टेट चैंपियनशिप हरिद्वार में आगामी 12 से 16 अक्टूबर तथा अंडर-15 व अंडर-17 के खिलाड़ियों की स्टेट चैंपियनशिप उधमसिंहनगर में आगामी 12 से 16 सितंबर 2026 को आयोजित होनी हैं। फ़ाइनल मुकाबलों में बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों व खिलाड़ियों के अभिभावक ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का काम किया। अंत में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तरांचल बैडमिंटन संघ के महासचिव बीएस मनकोटी, विशिष्ट अतिथि पूर्व उप क्रीड़ा अधिकारी अरुण बंगयाल ने पुरस्कार वितरित किए। इस मौके पर जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल मेहता, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, मीडिया प्रभारी डीके जोशी, हिमांशु राज, अरविंद जोशी, टूर्नामेंट रैफरी व संयोजक कोच जीवन सिंह बोरा, सह संयोजक सुमित मेहता आदि कई लोग मौजूद रहे।



