» 8 जुलाई से शुरू होगी नामांकन पत्रों की बिक्री

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले में उप प्रधानों के सामान्य निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यह निर्वाचन 15 जुलाई को होगा। इसकेलिए 8 जुलाई से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होगी।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के समस्त 11 विकासखण्डों की समस्त संगठित ग्राम पंचायतों के उप प्रधानों का सामान्य निर्वाचन समय सारणी निर्धारित की गयी है। जिसके तहत 15 जुलाई, 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों को जमा किया जायेगा, इसके बाद 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी। इसी दिन दोपहर 12 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक नाम वापसी होगी। अपराह्न 12:30 बजे से अपराह्न 01 बजे तक चुनाव चिह्न आवंटित होंगे। अपराह्न 01:30 बजे से अपराह्न 03:30 बजे तक मतदान होगा एवं अपराह्न 04 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना की जायेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उप प्रधान के पद के लिए नाम निर्देशन पत्रों को प्रस्तुत किया जाना, नाम निर्देशन पत्रों की जॉच, नाम वापसी, निर्वाचन चिह्न आवंटन, मतदान तथा मतगणना का कार्य एवं परिणाम की घोषणा सम्बन्धित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर कराई जायेगी। उत्तर प्रदेश पंचायतराज नियमावली, 1994 के नियम 117(1) में दी गयी व्यवस्था के अनुसार एवं आयोग के निर्देशानुसार उप प्रधान के सामान्य निर्वाचन के लिए नियुक्त निर्वाचन अधिकारी मतदान के लिए विनिर्दिष्ट तारीख को ग्राम पंचायत में बैठक बुलाएंगे। नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री 08 जुलाई, 2026 से 14 जुलाई, 2026 तक सुबह 10 बजे से सांय 05 बजे तक क्षेत्र पंचायत मुख्यालय होगी और इसके बाद 15 जुलाई, 2026 की सुबह 08 बजे से 09ः30 बजे तक सम्बन्धित ग्राम पंचायत में बिक्री होगी।



