सातवें दिन भी जारी रहा क्रमिक अनशन
मोहन सिंह बैठे अनशन पर, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जताया समर्थन
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महेंद्र सिंह करायत के नाम पर प्रस्तावित पालड़ीछीना–जनोटीपालड़ी–करालापालड़ी–चनौली–जैनकरास–कंगाड़छीना मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रहा। सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार गति पकड़ रहा है और क्षेत्रवासियों ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग दोहराई है।

क्रमिक अनशन के सातवें दिन जोशी पालड़ी निवासी 49 वर्षीय मोहन सिंह अनशन पर बैठे। अनशन स्थल पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और उनका समर्थन करते हुए वर्षों से लंबित मोटर मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई।
इस दौरान पूर्व प्रधान एवं भूतपूर्व सैनिक ठाकुर सिंह, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के उत्तराधिकारी एवं जोशी पालड़ी के क्षेत्र पंचायत सदस्य, ऑनरेरी नायब सूबेदार फते सिंह करायत, नंदी जनोटी, शंभु जनोटी, प्रमोद, बालकृष्ण, कुंदन जनोटी, केशर सिंह करायत, हेम चंद्र जोशी, गिरीश चंद्र जोशी, भगवत सिंह जनोटी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस महत्वपूर्ण मोटर मार्ग के निर्माण की मांग कर रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। उनका कहना है कि सड़क बनने से पालड़ीछीना क्षेत्र से जुड़े कई गांवों को वर्षभर बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावित मोटर मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की है।



