संदिग्ध गतिविधियों की सूचना 1933 पर देने की अपील
CNE REPORTER, बागेश्वर: पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में जनपदभर में संचालित नशा मुक्ति अभियान के तहत कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने नुमाइश खेत मैदान में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं सहित आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय युवाओं, व्यापारियों एवं वाहन चालकों से संवाद करते हुए नशे के सामाजिक, मानसिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार की खुशियों और पूरे समाज की सुरक्षा एवं विकास को भी प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे।
पुलिस ने विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, खेलकूद, कौशल विकास तथा अन्य सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में करें, जिससे वे अपने भविष्य के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
इस अवसर पर कोतवाली पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध नशा संबंधी गतिविधि संचालित होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1933, एनसीबी एमएएनएएस (MANAS) पोर्टल अथवा निकटतम पुलिस थाने को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहयोग बेहद आवश्यक है। समाज, पुलिस और युवाओं की संयुक्त भागीदारी से ही नशामुक्त और सुरक्षित बागेश्वर का लक्ष्य साकार किया जा सकता है।



