► एक साथ कई चिकित्सकों का ट्रांसफर कर स्वास्थ्य व्यवस्था लड़खड़ाने का आरोप
► तबादलों पर पुनर्विचार नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जनपद से बड़ी संख्या में चिकित्सकों का तबादला किए जाने से गुरूवार को यहां कांग्रेस आग बबूला हो उठी। कांग्रेस का कहना है कि एक साथ बड़ी संख्या में चिकित्सकों को स्थानांतरित करने से जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था लड़खड़ाने का अंदेशा हो गया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इन तबादलों के विरोध में प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर कड़े गुस्से का इजहार किया और मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका।
पुलिस का पुतला छीनने का प्रयास

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री का पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध का सामना करना पड़ा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और जनहित के मुद्दों को दबाने का प्रयास उचित नहीं है।

कांग्रेसजन बड़ी संख्या में स्थानीय चौघानपाटा में एकत्रित हुए। जहां उन्होंने चिकित्सकों के बड़े पैमाने पर स्थानांतरणों का जोरदार विरोध दर्ज किया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि जिले में पहले से ही चिकित्सकों की कमी से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित चल रही हैं और अब पर्वतीय जनपद अल्मोड़ा से बड़ी संख्या में डॉक्टरों के तबादले से आम जनता के सामने स्वास्थ्य असुविधा की गंभीर स्थिति पैदा हो जाएगी। इससे जिला अस्पताल के साथ ही उप जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा जाएंगी, जिसका सीधा असर गरीब, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की जनता पर पड़ेगा।
तबादलों पर पुनर्विचार नहीं हुआ, तो आंदोलन तेज
कांग्रेसजनों ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण पहाड़ों की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका। जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि जनपद अल्मोड़ा में चिकित्सकों के तबादलों पर पुनर्विचार नहीं किया गया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कांग्रेस जनहित में अपना आंदोलन और अधिक व्यापक करेगी।
प्रदर्शन में इन्होंने की शिरकत
विरोध प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज के साथ ही महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पीताम्बर पांडे, आनंद सिंह बिष्ट, एनडी पांडे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राधा बिष्ट, गीता मेहरा, बिशन बिष्ट, तारा चंद्र साह, आनंद बिष्ट, दीपक भट्ट, सुरेश लाल, अंबी राम, पारितोष जोशी, निर्मल रावत, देव सिंह कनवाल, दीवान सतवाल, देवेंद्र बिष्ट, विनोद वैष्णव, मयंक बिष्ट, दिनेश पिलख्वाल, दीपेश काण्डपाल, संजय दुर्गापाल, हिमांशु मेहता, फेमिना खान, बीके पाण्डे, पूरन रौतेला, वैभव पांडेय, विकास कुमार, मुकेश कुमार, भैरव गोस्वामी, सुशीला शाह, महेश राजपूत, भानु दुर्गापाल, अमित बिष्ट, रवींद्र टम्टा, संजय रावत, दीवान ढेल, गोविंद सिंह मेहरा, ऋतिक नायल, डॉ मनोज कुमार जोशी, अनिल पाठक, विनोद पाठक, नितिन रावत, मोहन देवली, संजीव कर्मियाल, शशांक बिष्ट, उमेश गुरुरानी, अमन लटवाल, गुंजन चम्याल, वकुल साह, राहुल गुप्ता, गोलू सतवाल, गौरव जोशी, मनोज वर्मा आदि कई कार्यकर्ता शामिल रहे।



