सड़क पर ‘टशन’ दिखाना पड़ा महंगा
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी । सड़कों पर ‘स्टाइल’ दिखाने के चक्कर में कानून को ठेंगा दिखाने वाले को पुलिस ने ऐसा सबक सिखाया है कि उसके पसीने छूट गए। नंबर प्लेट छिपाकर और शीशों पर काली फिल्म लगाकर शहर में रौब झाड़ने वाले इस चालक की गाड़ी को पुलिस ने मौके पर ही सीज कर दिया है।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें एक सफेदपोश रईसजादा अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट को जानबूझकर छिपाकर शहर की सड़कों पर सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाता नजर आया।

इस वीडियो के सामने आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। आदेश मिलते ही हरकत में आई हल्द्वानी पुलिस की टीम, जिसमें प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता, टीपी नगर पुलिस और यातायात पुलिस नगर के अधिकारी शामिल थे, ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार और उनकी पुलिस टीम ने उस संदिग्ध गाड़ी और उसके मालिक को धर दबोचा। पूछताछ और जांच में सामने आया कि मानव मनचंदा (पुत्र अनंत मनचंदा, निवासी सौरभ होटल के पास, वार्ड नंबर 16, सिविल लाइंस, हल्द्वानी) ने केवल टशन दिखाने के लिए नंबर प्लेट को ढका हुआ था और गाड़ी के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगा रखी थी। हद तो तब हो गई जब चालक के पास अपना ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं मिला।
पुलिस ने बिना किसी ढिलाई के मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत भारी जुर्माना ठोंका और गाड़ी को सीज करके थाने भिजवा दिया। नैनीताल पुलिस ने साफ कर दिया है कि यातायात नियमों को ताक पर रखने वालों के लिए सड़क पर कोई जगह नहीं है।
पुलिस की दो टूक चेतावनी है कि नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ या काली फिल्म का इस्तेमाल अब भारी पड़ेगा, इसलिए जिम्मेदार नागरिक बनें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, वरना गाड़ी सड़क से उठकर थाने के मालखाने की शोभा बढ़ाएगी।


