► जिलाधिकारी ने लक्ष्यों के प्रगति की समीक्षा करते हुए दिए निर्देश

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें विभिन्न विभागों ने निर्धारित लक्ष्यों एवं उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और निर्देश दिए कि 25 सूत्रीय कार्यक्रम के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति की जाए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि 25 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत विभागों के कार्यों के आधार पर रैंकिंग निर्धारित की जाती है। ऐसे में सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करते हुए जनपद की रैंकिंग को सर्वोच्च बनाए रखने के लिए गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करते हुए नियमित रूप से उसकी समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वे आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर निर्धारित समयावधि में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के लक्ष्यों एवं उनकी प्रगति से अवगत कराया तथा लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


