► ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी को निरीक्षण में मिलीं गंभीर खामियां

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले के रानीखेत क्षेत्र में शनिवार को ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी ने औषधी प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। जिसमें औषधियों के रखरखाव एवं विधि सम्मत क्रय-विक्रय के हालातों को परखा। इस दौरान चार औषधी प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। इनमें से 01 औषधी प्रतिष्ठान के लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति कर दी गई, जबकि 03 औषधी प्रतिष्ठानों में औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई है। इससे दवा विक्रेताओं में हड़कंप मचा।
यहां उल्लेखनीय है कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग की ओर से औषधियों का सुरक्षित एवं विधिसम्मत क्रय-विक्रय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज अल्मोड़ा की ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी ने रानीखेत क्षेत्र में दवा प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण चेकिंग की। इस दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा नियमावली के प्रावधानों के अनुपालन की जांच की गई। निरीक्षण में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एक औषधि अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) के निलंबन/निरस्तीकरण की संस्तुति की गई। इसके अतिरिक्त, तीन औषधि प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के कारण उनके औषधियों के क्रय-विक्रय को तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है। संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया गया कि वे अनुज्ञापत्र की समस्त शर्तों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
विशेष रूप से प्रतिष्ठानों में पंजीकृत फार्मासिस्ट की नियमित उपलब्धता, औषधियों का विधिसम्मत क्रय-विक्रय, निर्धारित अभिलेखों का संधारण तथा औषधि नियमों के अनुरूप कार्य संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित फर्मों को निर्धारित समयावधि में कमियों को दूर कर विभाग को अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के हित में निरीक्षण अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे तथा औषधि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।


