➤ ग्रीन हिल्स संस्था का होटल शिखर में आयोजन, लोक संस्कृति झलकी
➤ पाक कला में रिचा, इंदिरा, निर्मला, गीता एवं बीना रहीं सबसे अव्वल

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां होटल शिखर में ग्रीन हिल्स संस्था अल्मोड़ा की ओर से उत्तराखंडी कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध पाक कला, स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन करना था, ताकि परंपरा कायम रहे। इस आयोजन में उत्सकुता से महिलाओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में एक ओर लोक संस्कृति की झलक दिखी, तो वहीं दूसरी ओर वातावरण लजीज पहाड़ी व्यंजनों से महक उठा।

प्रतियोगिता में प्रतिभागी महिलाओं ने सिसूण का साग, प्रसाद की थाली, सिंयल, पुए, आलू के गुटके, मादिरे की खीर, मंडुवे के चीले, सिड्डू, बड़ील, रायता, लाल चावल की खीर, मुनस्यारी के राजमा-चावल, कुकला एवं चुरू की पारंपरिक चटनियां, तिमिल की सब्जी, बथुए का रायता तथा प्लम की चटनी आदि पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन बनाए और इनके स्वाद ने सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रिचा दुर्गापाल, इंदिरा गनघरिया, निर्मल मेलकानिया, गीता रावत एवं वीना जोशी ने शीर्ष पांच स्थान पर जगह बनाई। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रीति साह, मीता उपाध्याय एवं लता पाण्डेय ने किया।
इस संस्था की अध्यक्षा डॉ. वसुधा पंत ने उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, पारंपरिक खान-पान और लोक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और पारंपरिक ज्ञान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट रहीं जबकि विशिष्ट अतिथियों में अंजली शर्मा, रीता दुर्गापाल, सुनीता तिवारी, आशा, प्रो. सीमा जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष शोभा जोशी, डॉ. जेसी दुर्गापाल, पूनम पालीवाल, रेखा आर्या, राजेश बिष्ट, रजनी पंत एवं धीरेंद्र पाण्डेय आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था की ओर से मीनाक्षी पाठक, नीमा जोशी, भूषण पाण्डेय, मनोज गुप्ता एवं दीपा गुप्ता ने योगदान दिया।


