➤ शोक में शिक्षण व प्रशासनिक कार्य स्थगित रहे, श्रद्धांजलि अर्पित की

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा परिसर में जन्तु विज्ञान विभाग की संयोजक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. इला बिष्ट का बीते मंगलवार को असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से विश्वविद्यालय और उसके सभी परिसरों में शोक की लहर है। बुधवार को शोक स्वरूप विवि और परिसरों में शिक्षण एवं प्रशासनिक कार्य स्थगित रखे गए। शोकसभा कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में बुधवार को गमगीन माहौल रहा। वहां आयोजित शोकसभा में स्व. प्रो. इला बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। शोकसभा में परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रो. इला बिष्ट का असमय हमारे बीच से चले जाना बेहद दुःखद है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रो. इला बिष्ट विश्वविद्यालय की सम्मानित सहयोगी रही हैं और वह बेहतरीन शिक्षाविद और समर्पित रिसर्चर थीं। उनके निधन से हमारे एकेडमिक जगत में एक बड़ी कमी आ गई है। कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट समेत शोध निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट, परीक्षा नियंत्रक प्रो. पंकज कुमार शाह, वित्त अधिकारी अमित कुमार त्रिपाठी, डॉ. देवेंद्र धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया। शोक सभा में विश्वविद्यालय और कैंपस के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी व विद्यार्थी शामिल रहे। ।


