✍️ द्वाराहाट पहुंचकर नीट की पुनर्परीक्षा के केंद्र का एडीएम ने किया निरीक्षण

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की 21 जून को प्रस्तावित पुनर्परीक्षा के मद्देनजर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने शुक्रवार को द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान में पहुंचकर परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को परखा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, जैमर की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संचालन से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


