HomeBreaking Newsऐतिहासिक और चमत्कारिक रहा इस वर्ष का कैंची धाम मेला

ऐतिहासिक और चमत्कारिक रहा इस वर्ष का कैंची धाम मेला

पब्लिक बोली, पहली बार हुए इतने सुगम दर्शन

पुलिस प्रशासन का जताया आभार

CNE REPORTER, नैनीताल। बाबा नीब करोली के पावन धाम कैंची में आयोजित स्थापना वर्ष मेला-2026 इस वर्ष ऐतिहासिक, भव्य और अभूतपूर्व रहा। श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। देश-विदेश से पहुंचे लाखों भक्तों की आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा क्षेत्र बाबा के जयकारों से गूंज उठा। मेले के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित समापन पर कैंची मंदिर समिति एवं मंदिर प्रबंधन ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया।

ADVERTISEMENTSAd

कैंची मंदिर समिति के सचिव आलोक चोपड़ा और प्रबंधक प्रदीप साह ने संयुक्त रूप से कहा कि पिछले 50 वर्षों से वे कैंची धाम की सेवा से जुड़े हुए हैं, लेकिन अपने जीवनकाल में उन्होंने इतना विशाल, सुव्यवस्थित और चमत्कारिक मेला कभी नहीं देखा। उनके अनुसार श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित संख्या के बावजूद जिस प्रकार व्यवस्थाओं का संचालन किया गया, वह अपने आप में एक मिसाल है।

प्रशासन और पुलिस ने संभाली बड़ी चुनौती

इस वर्ष मेले में श्रद्धालुओं की संख्या अनुमान से कहीं अधिक रही। इसके बावजूद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने बेहतर रणनीति, समन्वय और सतत निगरानी के माध्यम से व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा। विशाल जनसमूह के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे सुरक्षा बलों ने सफलतापूर्वक निभाया।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। मेला अवधि के दौरान उन्होंने धरातल पर रहकर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम अंतिम क्षण तक पूरी सक्रियता के साथ कार्य करती रही, जिसके परिणामस्वरूप कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बढ़ाया गया दर्शन समय

देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन ने दर्शन अवधि को एक घंटा अतिरिक्त बढ़ाने का निर्णय लिया। इस व्यवस्था का लाभ हजारों श्रद्धालुओं को मिला और कतार के अंतिम छोर पर खड़े भक्त भी बाबा के दर्शन कर सके। इस निर्णय की श्रद्धालुओं ने सराहना की।

मेले के सफल आयोजन के उपरांत एसएसपी नैनीताल ने मंदिर समिति, निस्वार्थ भाव से सेवा में जुटे सेवादारों तथा स्थानीय नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके सहयोग को आयोजन की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।

सरकार और प्रशासन का मिला अभूतपूर्व सहयोग

मंदिर समिति ने कहा कि इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में राज्य सरकार और कुमाऊं प्रशासन का अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ। कुमाऊं कमिश्नर, आईजी कुमाऊं, जिलाधिकारी नैनीताल, एसएसपी नैनीताल सहित प्रशासन और पुलिस के सभी विभागों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को सफलता में परिवर्तित किया।

‘नीब करोली बाबा की जय’ के उद्घोष के साथ हुआ समापन

मेले के विधिवत समापन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर “नीब करोली बाबा की जय” के गगनभेदी उद्घोष लगाए। पूरे वातावरण में श्रद्धा, उत्साह और संतोष का भाव दिखाई दिया।

समापन समारोह के दौरान एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, मंदिर समिति के सचिव आलोक चोपड़ा, प्रबंधक प्रदीप साह, सदस्य मंजुल कुमार जोशी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, पीआरओ हेमा ऐठानी सहित मंदिर समिति के अन्य सदस्य, सेवादार तथा पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments