➤ द्वाराहाट व दन्या थानांतर्गत पुलिस ने चलाया व्यापक जनजागरूकता अभियान

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सड़क सुरक्षा को लेकर जिले के द्वाराहाट थाना पुलिस ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया। इसके तहत जनजागरूकता रैली के जरिये आम जनमानस को ट्रैफिक नियमों, साईबर सुरक्षा व नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। दूसरी ओर दन्या थाना पुलिस ने भी जनजागरूकता अभियान चलाया।
शनिवार को कोतवाली द्वाराहाट के प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा के साथ मिलकर द्वाराहाट की मुख्य बाजार में जनजागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आमजन को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान नागरिकों, व्यापारियों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। युवाओं एवं आमजन से नशे से दूर रहने की अपील की गई। लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के जोखिम, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई और सदैव जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

उधर दन्या थानांतर्गत नशा मुक्त भारत पखवाड़े के तहत दन्या में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया और लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। जागरूकता लाने वाले पोस्टर चस्पा किए, पंपलेट बांटे और जन संवाद किया। यह अभियान थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में चला।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस टीम ने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके संज्ञान में किसी प्रकार की नशे से संबंधित गतिविधि अथवा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना आती है, तो वे तत्काल मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर इसकी जानकारी दें। पुलिस द्वारा यह भी बताया गया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।


