ओखलकांडा के कुणाल बोहरा बने अग्निवीर प्रशिक्षण के ओवरऑल बेस्ट कैडेट

0
ओखलकांडा के कुणाल बोहरा बने अग्निवीर प्रशिक्षण के ओवरऑल बेस्ट कैडेट
ओखलकांडा के कुणाल बोहरा बने अग्निवीर प्रशिक्षण के ओवरऑल बेस्ट कैडेट

कड़े सैन्य प्रशिक्षण में मिली बड़ी सफलता

CNE REPORTER : नैनीताल जनपद के अंतर्गत आने वाले ओखलकांडा क्षेत्र के तल्ला ओखलकांडा (नौलिगाड़) गांव निवासी कुणाल सिंह बोहरा ने भारतीय सेना की अग्निवीर योजना के तहत हुए कड़े सैन्य प्रशिक्षण में देश भर के युवाओं पछाड़कर “ओवरऑल बेस्ट कैडेट” का प्रतिष्ठित मेडल हासिल किया है। कुणाल सिंह बोहरा की इस अभूतपूर्व और गौरवशाली उपलब्धि से उनके परिवार सहित पूरे प्रदेश और ओखलकांडा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनता और विभिन्न संगठनों ने इसे समूचे नैनीताल जिले के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया है।


ADVERTISEMENTS

कुणाल सिंह बोहरा ने मध्य प्रदेश के सागर में स्थित महार रेजीमेंट के प्रशिक्षण केंद्र में अपनी ट्रेनिंग पूरी की। इस कठिन सैन्य प्रशिक्षण के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आए कुल 909 अग्निवीर कैडेट्स शामिल थे। कुणाल सिंह बोहरा ने शारीरिक दक्षता, कड़े अनुशासन, बेहतरीन नेतृत्व क्षमता और समग्र प्रदर्शन के सभी पैमानों पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर यह विशिष्ट सम्मान अपने नाम किया। उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया है कि उत्तराखंड के युवाओं में देश सेवा और उत्कृष्ट नेतृत्व का जज्बा कूट-कूट कर भरा है।

पारिवारिक पृष्ठभूमि और गौरवशाली सैन्य परंपरा

अग्निवीर कुणाल सिंह बोहरा के परिवार का भारतीय सेना से पुराना और गहरा नाता रहा है। वह पूर्व ग्राम प्रधान स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह बोहरा एवं देवकी देवी के पौत्र हैं। उनके पिता तारा सिंह बोहरा भारतीय सेना की इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स रेजीमेंट से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता गीता बोहरा एक कुशल गृहिणी हैं। अपने परिवार की इसी देशभक्ति और सैन्य सेवा की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कुणाल सिंह बोहरा ने नेशनल कैडेट कोर के कैडेट के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं, जिसने उनके सैन्य जीवन की नींव को और मजबूत किया।

क्षेत्र में हर्ष की लहर

इस बड़ी उपलब्धि के बाद ओखलकांडा और नैनीताल जिले के पूर्व सैनिक संगठनों, शिक्षकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा समस्त ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है। सभी ने कुणाल सिंह बोहरा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और देश सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दी हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुणाल सिंह बोहरा की यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी भारतीय सेना में शामिल होकर देश की रक्षा करने के लिए प्रेरित करेगी।

ADVERTISEMENTS