सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर भी चला चाबुक
सीएनई रिपोर्टर, रानीखेत/अल्मोड़ा। सड़क पर रसूख और वीआईपी टशन दिखाने के चक्कर में एक फॉर्च्यूनर कार चालक को नियमों का उल्लंघन करना बेहद महंगा पड़ गया। सोमवार को रानीखेत में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ऐसी फॉर्च्यूनर कार को रोका जिसमें अनाधिकृत रूप से नीली-लाल बत्ती और हूटर लगा हुआ था। चालक सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाकर अपना दबदबा दिखाने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस टीम ने तत्काल रोककर न केवल गाड़ी से अवैध बत्तियां और हूटर हटवाए, बल्कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी चालान कर गाड़ी को कब्जे में ले लिया।


उल्लेखनीय है कि जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को ‘ऑपरेशन प्रहार’ और ‘ऑपरेशन मर्यादा’ के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा व रानीखेत बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों और यातायात नियमों को ताक पर रखने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
ऑपरेशन मर्यादा के तहत सोमेश्वर में नशेड़ियों पर नकेल
रविवार को कोतवाली सोमेश्वर क्षेत्र के अंतर्गत ‘ऑपरेशन मर्यादा’ के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पाद मचाने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नशे की हालत में न्यूसेंस फैला रहे व्यक्तियों को दबोचकर उनके विरुद्ध 81 पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि देवभूमि की मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इन दोनों विशेष अभियानों को सफल बनाने में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर मदन मोहन जोशी, उपनिरीक्षक बृजमोहन भट्ट और उनके साथ मौजूद पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस टीम ने सभी उल्लंघनकर्ताओं को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत करने पर और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


