HomeUttarakhandAlmoraअल्मोड़ा: नारों व विज्ञापनों से महिलाओं की सुरक्षा संभव नहीं- मनोज तिवारी

अल्मोड़ा: नारों व विज्ञापनों से महिलाओं की सुरक्षा संभव नहीं- मनोज तिवारी

►► चंपावत की घटना को लेकर विधायक ने सरकार पर तीखा हमला बोला

ADVERTISEMENTSAd Ad

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: चंपावत में दुष्कर्म की घटना को लेकर अल्मोड़ा के​ विधायक मनोज तिवारी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि भाजपा राज में महिलाओं पर अपराध तेजी से बढ़े हैं। विधायक ने चंपावत की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताते हुए कहा कि जब से राज्य में भाजपा की सरकार आई है, तब से महिला अपराधों में लगातार तेजी आई है।

विधायक तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे शांत और सांस्कृतिक पर्वतीय राज्य में इस प्रकार की घटनाएं पूरे समाज को झकझोर देने वाली हैं और आज स्थिति यह है कि पर्वतीय राज्यों में महिला अपराधों के मामलों में उत्तराखंड सबसे आगे दिखाई दे रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार के दावे केवल कागजों और भाषणों तक सीमित रह गए हैं और जमीनी हकीकत ऐसी घटनाएं बयां कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लगातार दुष्कर्म, छेड़छाड़ और महिला उत्पीड़न की घटनाएं साबित करती हैं कि अपराधियों के मन में कानून का कोई भय नहीं बचा है। अपराधी खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

विधायक ने कहा कि चम्पावत का मामला सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का प्रतीक है। मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं और नेताओं के नाम सामने आने के बावजूद निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के नाम पर मामलों को घुमाने और दबाने का प्रयास किया जाता है, जिससे आम जनता का कानून व्यवस्था और शासन प्रशासन से विश्वास उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार सच में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर होती, तो अपराधियों के खिलाफ त्वरित व कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की होती, मगर ऐसा नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल नारों और विज्ञापनों से सुनिश्चित नहीं होगी, बल्कि सरकार को मजबूत इच्छाशक्ति के साथ अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने होंगे।

विधायक ने मांग की कि चम्पावत मामले के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की घिनौनी हरकत करने का साहस न कर सके। उन्होंने प्रदेश की जनता से भी महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। साथ ही कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी और सरकार को उसकी विफलताओं के लिए जवाबदेह बनाएगी।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments