►► भिकियासैंण क्षेत्र में कार डेढ़ सौ मीटर खाई में गिरी, रात जागर लगाकर लौट रहे थे तीनों लोग


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले के भतरौंजखान थाना क्षेत्रांतर्गत भिकियासैण के भाटिया नामक स्थान पर संभवत: गुरूवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। बताया गया है कि ये लोग एक गांव में रात जागर (देव कार्य) लगाकर वापस घर लौट रहे थे। इससे प्रतीत होता है कि यह हादसा तड़के हुआ होगा। वाहन के परखच्चे उड़ गए।
सूचना मिलते ही भतरोंजखान थाने से पुलिस टीम, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग व राजस्व विभाग के लोग मौके पर पहुंचे। जहां पाया कि कार संख्या यूके 04 एफ 6683 सड़क से करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे खाई में गिरा है। वाहन बुरी तरह चकनाचूर हो गया। रेस्क्यू अभियान चला और जिसमें वाहन में सवार तीन लोगों के मौत होने की पुष्टि हुई। वाहन एक चट्टान से होते हुए नीचे जा गिरा।
मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी, तहसील रानीखेत व कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत शामिल हैं जबकि तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया गया कि तीनों व्यक्ति जागर लगाने का कार्य करते थे, जो रात्रि में ग्राम चमोली पुशैला में जागर लगाकर वापस अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने तीनों मृतकों को मौके से रेस्क्यू कर मोर्चरी रानीखेत भिजवाया और अग्रिम कार्यवाही की। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे में तीन लोगों के मारे जाने से उनके गांवों में जबर्दस्त शोक की लहर है।


