HomeUttarakhandAlmoraकॉमर्शियल गैस सिलेंडरों के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि, व्यापार मंडल ने...

कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि, व्यापार मंडल ने खोला मोर्चा

अल्मोड़ा में व्यापार मंडल का उग्र प्रदर्शन, पुतला दहन

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने आज केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। नगर के हृदय स्थल पर एकत्रित होकर व्यापारियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि पर गहरा रोष प्रकट किया। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने केंद्र सरकार के पुतले का दहन किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि सरकार की अदूरदर्शी नीतियों के कारण व्यापारी वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

ADVERTISEMENTSAd Ad

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशील साह ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक साथ एक हजार रुपये की वृद्धि करना किसी भी दृष्टिकोण से न्यायोचित नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि मध्यम वर्गीय व्यापारियों का लगातार हनन किया जा रहा है। साह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते अपने इस निर्णय को वापस नहीं लिया, तो इसके गंभीर परिणाम आने वाले समय में भुगतने होंगे। उनके अनुसार, व्यापार मंडल अब खामोश नहीं बैठेगा और इस लड़ाई को हर नगर और ग्रामीण क्षेत्र तक ले जाएगा।

जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी ने इस मूल्य वृद्धि को भाजपा सरकार का एक आत्मघाती कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय का सीधा प्रहार ढाबे, रेस्तरां, होटल और मिठाई व्यवसायियों पर पड़ा है। विगत कई वर्षों से सरकार लगातार व्यापारियों के हितों के खिलाफ निर्णय ले रही है। गोस्वामी ने आशंका व्यक्त की कि कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों में भारी उछाल आएगा, जिससे पर्यटन और स्थानीय व्यवसाय पूरी तरह चरमरा जाएगा।

आम जनता पर महंगाई की दोहरी मार

व्यापारियों ने इस बात पर भी जोर दिया कि सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का असर केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसकी सीधी मार आम जनता की जेब पर पड़ेगी। महंगाई के इस दौर में खाने-पीने के दामों में वृद्धि से आम नागरिक त्रस्त हो जाएगा, जिसके लिए पूरी तरह से केंद्र सरकार जिम्मेदार है। मंडल ने दो टूक शब्दों में चेताया है कि यदि शीघ्र ही कीमतों में कटौती नहीं की गई, तो जिले भर के व्यापारियों को लामबंद कर एक बड़ा उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

पुतला दहन कार्यक्रम में भारी संख्या में व्यापारी समुदाय के लोग शामिल हुए। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शहजाद कश्मीरी, जिला संरक्षक संजीव गुप्ता, जिला मंत्री अमित साह, जिला उपाध्यक्ष पवन साह और जिला मंत्री आशु गोस्वामी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। साथ ही नगर महामंत्री वकुल साह, सहसचिव अश्विन नेगी, रेस्टोरेंट व्यवसाई रोहित जोशी, हिमांशु जोशी, तरुण जोशी, कार्तिक साह, सार्थक साह, विजय साह, प्रकाश रावत, प्रतशे पांडे, मोहन जोशी, मोहन बिष्ट, देव सिंह, दिनेश पांडे, मोहम्मद बिलाल, अजीम अंसारी, अमन, रजत कुमार, कृष्णा वर्मा, राजेश साह, गिरजा अग्रवाल और जब्बार सहित दर्जनों व्यापारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज किया।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments