देशव्यापी घटनाओं पर जताया गहरा रोष
सीएनई रिपोर्टर, रानीखेत। देशभर में बढ़ती लव जिहाद, धर्मांतरण और सुनियोजित सनातन विरोधी गतिविधियों के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को रानीखेत में विहिप के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन करते हुए लव जिहाद का पुतला दहन किया और अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।

विहिप कार्यकर्ताओं ने हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में सामने आई घटनाओं का जिक्र करते हुए चिंता जताई। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नासिक की टीसीएस (TCS) कंपनी में सामने आया धर्मांतरण का मामला हो या,अमरावती में अयान मोहम्मद द्वारा हिंदू युवतियों के शोषण और वीडियो वायरल करने जैसी जघन्य वारदातें। इन घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि एक सोची-समझी साजिश के तहत सनातन संस्कृति को निशाना बनाया जा रहा है।
प्रशासन को सख्त चेतावनी
संगठन ने स्थानीय प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि नगरों के साथ-साथ पहाड़ी ग्रामीण क्षेत्रों में भी किसी भी प्रकार की जिहादी गतिविधियां या संदिग्ध धर्मांतरण के मामले देखे गए, तो संगठन चुप नहीं बैठेगा। विहिप ने मांग की है कि प्रशासन ऐसी गतिविधियों पर पैनी नजर रखे और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करे। चेतावनी दी गई कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस विरोध कार्यक्रम की अध्यक्षता विहिप के जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन पंत ने की, जबकि कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला मंत्री विपिन भार्गव द्वारा किया गया। प्रदर्शन में मुख्य रूप से रघुवर सिंह बिष्ट (जिला कोषाध्यक्ष), नवल किशोर पांडे (नगर अध्यक्ष), दिगंबर सिंह मनराल (नगर उपाध्यक्ष), पाराशर तिवारी (नगर प्रचार-प्रसार प्रमुख) तथा मनमोहन मेहरा, हेमचंद्र, पवन कुमार, दीपक मवाड़ी, नीरज तिवारी समेत भारी संख्या में विहिप कार्यकर्ता मौजूद रहे।



