CNE REPORTER, हल्द्वानी/चोरगलिया: थाना चोरगलिया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर में हुई चोरी की घटना का मात्र 7 घंटे के भीतर खुलासा कर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया है और घटना में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु दिए गए सख्त निर्देशों के क्रम में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की।
घटनाक्रम के अनुसार, सोमवार को देवपुर सनवाल निवासी बलजीत सिंह ने तहरीर दी थी कि 12 अप्रैल की रात उनके भाई के घर में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की है। पुलिस ने तत्काल धारा 305(A)/331(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सुरागरसी और पतारसी के दौरान पुलिस टीम ने चोरगलिया क्षेत्र से दो आरोपियों, करन (26 वर्ष) पुत्र मदन लाल और संजय बिष्ट (25 वर्ष) पुत्र प्रताप बिष्ट, निवासी बागजाला (काठगोदाम) को धर दबोचा। पूछताछ के बाद मामले में धारा 317(2) BNS की वृद्धि की गई है।
आरोपियों के पास से वी-गार्ड और खेतान कंपनी के दो गीजर, किर्लोस्कर की पानी की मोटर, क्रॉम्पटन का छत का पंखा और एक बैग में रखे 17 जोड़ी अनसिले कपड़े बरामद हुए हैं। बरामद माल की कुल कीमत लगभग 50,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी (UK04-AS-3465) के कागजात न मिलने पर उसे एमवी एक्ट में सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी करन और संजय बिष्ट का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिनमें आबकारी अधिनियम और चोरी के मामले शामिल हैं।
इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह, उप निरीक्षक निधि शर्मा, मुख्य आरक्षी चन्द्रशेखर और आरक्षी संदीप सिंह शामिल रहे। पुलिस अब आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।


