CNE REPORTER, हल्द्वानी। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत व्यापक कार्रवाई करते हुए 01 वारंटी अपराधी को गिरफ्तार किया है और शांति भंग करने वाले 60 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 244 संदिग्धों का भौतिक सत्यापन किया, 286 होटलों व ढाबों की सघन चेकिंग की और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 वाहनों को सीज करते हुए कुल 126 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशानुसार संपूर्ण जनपद में चलाए जा रहे इस अभियान की कमान नोडल अधिकारी पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को सौंपी गई है। अभियान के मुख्य लक्ष्य के रूप में वांछित अपराधियों की धरपकड़, अवैध मादक पदार्थों व हथियारों की तस्करी पर रोक और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में 04 अप्रैल 2026 से 12 अप्रैल 2026 तक जनपद के समस्त थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को सक्रिय कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत 10 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जबकि 68 लोगों का पुलिस एक्ट में चालान किया गया है। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रैश ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने, गलत नंबर प्लेट और हूटर का प्रयोग करने वाले 126 वाहनों पर शिकंजा कसा गया, जिनमें से 30 वाहनों को मौके पर सीज किया गया और संबंधित मामलों में 09 व्यक्तियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। इसके अतिरिक्त, पुलिस टीम ने 286 होटलों, ढाबों और पबों का औचक निरीक्षण किया ताकि किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।
इस व्यापक अभियान को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, क्षेत्राधिकारी भवाली, क्षेत्राधिकारी रामनगर, क्षेत्राधिकारी लालकुआं समेत जनपद के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



