सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। धारानौला क्षेत्र में सड़क मार्ग पर निर्माण सामग्री रखकर आवाजाही बाधित करने वाले एक ठेकेदार के विरुद्ध पुलिस ने कड़ी कार्यवाही की है। सार्वजनिक मार्ग का अतिक्रमण कर दुर्घटना की आशंका पैदा करने पर पुलिस ने संबंधित ठेकेदार का 10,000 रुपये (दस हजार रुपये) का चालान काटा और तत्काल मौके से सामग्री हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

चन्द्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में जनपद में जनसुविधा, सुचारू यातायात और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार, 12 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम द्वारा धारानौला क्षेत्र में सघन चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान पाया गया कि तल्ला दन्या, धारानौला निवासी ठेकेदार सिराजुद्दीन ने मुख्य सड़क मार्ग पर निर्माण सामग्री का ढेर लगा रखा था। इससे न केवल आम जनता को आवाजाही में भारी असुविधा हो रही थी, बल्कि व्यस्त मार्ग होने के कारण दुर्घटना का भी गंभीर खतरा बना हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की। इस कार्यवाही को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में चौकी प्रभारी धारानौला आनंद बल्लभ कश्मीर और अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
अल्मोड़ा पुलिस ने ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में सार्वजनिक मार्ग या सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाया गया, तो इससे भी कठोर दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने आम जन से भी अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सार्वजनिक रास्तों को बाधित न करें।



