सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक युवक और अवैध हथियार के साथ एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चार पेटी देशी शराब बरामद की है और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही एक अन्य युवक को रेलवे फाटक के पास से प्रतिबंधित चाकू के साथ हिरासत में लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद नैनीताल, डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशन में जनपद में अपराध एवं नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में थाना मुखानी और कोतवाली बनभूलपुरा की टीमों ने इन सफल ऑपरेशनों को अंजाम दिया।
थाना मुखानी पुलिस की कार्यवाही के दौरान गत दिवस थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में टीम गैस गोदाम रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सिटी मार्ट के पास स्कूटी संख्या UK04V-8090 को रोका गया। तलाशी लेने पर आरोपी हरीश सिंह (24 वर्ष), निवासी रामपुर रोड, हल्द्वानी के कब्जे से 192 टेट्रा पैक (चार पेटी) किन्नू मसालेदार देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया है। इस टीम में उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, कांस्टेबल सुनील आगरी और कांस्टेबल शंकर सिंह शामिल रहे।
वहीं, दूसरी ओर बनभूलपुरा पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में अभियान चलाकर रेलवे फाटक क्षेत्र से एक आरोपी फैज मलिक (22 वर्ष), निवासी बनभूलपुरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ है, जिसके बाद उसके विरुद्ध धारा 4/25 आयुध अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। पुलिस फिलहाल आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। इस कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में कांस्टेबल लक्ष्मण राम और कांस्टेबल मोहम्मद यासीन मुख्य रूप से शामिल थे।


