HomeBreaking Newsमोबाइल झपटमार गिरोह का भंडाफोड़, लाखों के फोन बरामद

मोबाइल झपटमार गिरोह का भंडाफोड़, लाखों के फोन बरामद

ऑपरेशन प्रहार के ​तहत नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

CNE REPORTER, हल्द्वानी: पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर SSP नैनीताल डॉक्टर मंजुनाथ टीसी द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बनभूलपुरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र में आतंक मचाने वाले एक शातिर झपटमार गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। इनके पास से पुलिस ने विभिन्न घटनाओं में लूटे गए लगभग 02 लाख रुपये की कीमत के 06 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक बिना नंबर की केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है।

ADVERTISEMENTSAd Ad

मामले के अनुसार, 03 अप्रैल 2024 की रात जुबैर आलम निवासी लाल मस्जिद, बनभूलपुरा अपनी गाड़ी रेलवे स्टेशन पार्किंग में खड़ी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन तिराहे पर काले रंग की केटीएम मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उनके हाथ से सैमसंग गैलेक्सी ए-35 मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। इस शिकायत पर थाना बनभूलपुरा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त एक दिन पूर्व रोडवेज के पास से भी मोबाइल छीनने की घटना हुई थी, जिसका मुकदमा कोतवाली हल्द्वानी में पंजीकृत था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मंजुनाथ टीसी ने इन घटनाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी नगर हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर गौला पार्किंग के पास से आरोपी फैजान अली (19 वर्ष), निवासी जवाहर नगर को गिरफ्तार किया।

बरामदगी और पुलिस टीम

पूछताछ के दौरान आरोपी फैजान और संरक्षण में लिए गए दो किशोरों ने बताया कि बरामद 06 मोबाइल फोन उन्होंने रोडवेज, केएमयू स्टेशन, बेस अस्पताल के पीछे, प्रेम टॉकीज और राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग जैसे क्षेत्रों से छीने थे। पुलिस ने इनके कब्जे से सैमसंग, रेडमी, ओप्पो, पोको, वन प्लस और मोटोरोला जैसे कीमती फोन बरामद किए हैं।

इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक जगवीर सिंह, अपर उप निरीक्षक हेमंत प्रसाद, कॉन्स्टेबल हरीश रावत और कॉन्स्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम के उत्साहवर्धन हेतु 1500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।


पुलिस की अपील: जनपद पुलिस अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। आम जनता से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112 पर दें ताकि अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments