पदोन्नत हुए उमेश कुमार मलिक और वेद प्रकाश भट्ट
हल्द्वानी (सीएनई रिपोर्टर): उत्तराखंड पुलिस में कर्तव्यनिष्ठा और लंबे सेवाकाल का सम्मान करते हुए जनपद नैनीताल में तैनात दो अनुभवी अधिकारियों को पदोन्नति का उपहार मिला है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, डॉक्टर मंजुनाथ टीसी ने निरीक्षक से पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए उमेश कुमार मलिक और वेद प्रकाश भट्ट के कंधों पर ‘उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा’ (यूपीएस) बैच लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
जनहित और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से किए गए इस पदोन्नति कार्यक्रम में अधिकारियों के अनुशासन और कार्यकुशलता की सराहना की गई।

अनुभव और सेवा का सफर
पदोन्नत हुए दोनों अधिकारियों ने वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक के रूप में पुलिस विभाग में अपनी यात्रा शुरू की थी। उमेश कुमार मलिक वर्ष 2002 में भर्ती होने के बाद देहरादून, पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज मुरादाबाद, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, स्पेशल टास्क फोर्स, पुलिस मुख्यालय, सीआईडी हल्द्वानी और चंपावत जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सेवाएं दे चुके हैं। वह वर्ष 2016 में निरीक्षक बने थे।
वहीं, वेद प्रकाश भट्ट ने वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक पद पर भर्ती होकर प्रादेशिक आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (31 व 40 वाहिनी), स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में उत्कृष्ट कार्य किया। वर्ष 2015 में दलनायक के पद पर पदोन्नत होने के बाद अब वह पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोनों अधिकारियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। इस विशेष अवसर पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी एक साथ मौजूद रहे, जिनमें डॉक्टर जगदीश चंद्र (पुलिस अधीक्षक नैनीताल), मनोज कुमार कत्याल (पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी), क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, ज्ञानेंद्र शर्मा (निरीक्षक अभिसूचना), राजकुमार बिष्ट (निरीक्षक पुलिस दूर संचार नैनीताल), उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी और देवेंद्र राजपूत (वाचक) शामिल रहे।



